
कोरबा“सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बाँकीमोंगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती के तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से डकैती में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना बाँकीमोंगरा क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन, सूराकछार खदान एवं दीपका खदान में पिछले दिनों डकैती की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में थाना बाँकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 148/2026 एवं 131/2026 तथा थाना दीपका में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत BNS की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
चार आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए बाँकीमोंगरा पुलिस ने संदेहियों की पतासाजी की और मामले में राजपाल चौहान (22), निवासी जामनीमूड़ा, थाना पाली,फिरोज मेमन (27), निवासी भिलाईबाजार, थाना हरदीबाजार, निकेश कुमार कश्यप (21), निवासी शुक्लाखार, थाना बाँकीमोंगरा,होरीलाल केवट (24), निवासी शांतिनगर, थाना कुसमुंडा को गिरफ्तार किया। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
डकैती में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में शामिल कुछ आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी किए जाने की बात कही गई है।
कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चोरी, डकैती एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
