Home / कोरबा / सीईओ जिला पंचायत ने गोबर गैस संयंत्रों एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

सीईओ जिला पंचायत ने गोबर गैस संयंत्रों एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्थापित संयंत्रों के नियमित उपयोग तथा निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश

कोरबा, 22 जून 2026/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा दिनेश कुमार नाग ने रविवार को जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत स्थापित गोबर गैस संयंत्रों एवं निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीईओ श्री नाग ने ग्राम पंचायत बिंझरा में स्थापित गोबर गैस संयंत्र का निरीक्षण कर हितग्राहियों से संयंत्र के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों, सरपंच एवं सचिव को नियमित रूप से गोबर डालने तथा संयंत्र का सतत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

ग्राम महोरा एवं ग्राम पंचायत भांवर में स्थापित गोबर गैस संयंत्रों के निरीक्षण के दौरान सीईओ ने गैस कनेक्शन में आवश्यक सुधार कराने तथा संयंत्रों के नियमित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोबर गैस संयंत्र स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कोनकोना में निर्माणाधीन एफएसटीपी- फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया गया। श्री नाग ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

ग्राम पंचायत मानिकपुर में स्थापित गोबर गैस संयंत्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संयंत्र के नियमित उपयोग, गोबर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

सीईओ श्री नाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा भूपेंद्र सोनवानी,जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)  विमल धीरही, जिला सलाहकार दीप सरकार, जीवन यादव सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *