
कोरबा। जिला अस्पताल से निकलने वाले गंदे पानी के साथ ही बारिश में सड़क पर जमा होने वाले पानी की निकासी के लिए नगर निगम द्वारा लाखों रुपए खर्च करके नाला निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन नाला का अंतिम छोर का अब तक पता नहीं है। दरअसल मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज की व्यवस्था नहीं है, ऐसे में बारिश के सीजन में गंदा पानी बाहर निकलकर सड़क पर बहता रहता है। जिससे सड़क पर गंदगी व बदबू फैलने के साथ ही राहगीर व अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के परिजन परेशान हो रहे थे। जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ से ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम द्वारा अस्पताल के सामने रजगामार रोड पर वनमंडल के कार्यालय के आगे से लेकर गर्वमेंट कॉलेज ग्राउंड के सामने तक करीब 700 मीटर की दूरी तक नाला निर्माण कराया जा रहा है। जहां से पानी निकासी के लिए नाला को सुलभ शौचालय से इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जाने वाले शार्टकट रास्ते होकर पीछे शांति विहार तक बनाया गया है। लेकिन नाला में आगे निकासी की व्यवस्था नहीं की गई है, बल्कि क्षेत्र में एक निजी प्लॉट के पास बनाकर छोड़ दिया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक जिला अस्पताल से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए नाला बनाकर उसे शांति विहार की ओर पहुंचा दिया गया। पहले से ही खरमोरा क्षेत्र व इंडस्ट्रियल एरिया के कुछ फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा पानी पहुंच रहा था। ऐसे में अब आगे अस्पताल से गंदा पानी बहकर पहुंचने से क्षेत्र में बीमारी फैल सकती है। वहीं बारिश में पूरे क्षेत्र का पानी आकर खाली प्लॉट में भरने से घरों में गंदा पानी भर जाएगा। मकानों के गिरने का खतरा भी हो सकता है।
