Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / जमीन बंटवारे के विवाद में बेटे ने मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, पिता का पैर भी तोड़ा; आरोपी गिरफ्तार

जमीन बंटवारे के विवाद में बेटे ने मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, पिता का पैर भी तोड़ा; आरोपी गिरफ्तार

  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से हमला कर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली निवासी श्याम लाल यादव अपनी पत्नी जानकुंवर यादव और छोटे बेटे रामकुमार यादव के साथ रहते थे। रामकुमार दिव्यांग है और चलने के लिए लाठी का सहारा लेता है। परिवार का बड़ा बेटा पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता है।

बताया जा रहा है कि रामकुमार लंबे समय से पैतृक जमीन और संपत्ति का बंटवारा कराने की मांग कर रहा था। शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उसने एक बार फिर बंटवारे की बात उठाई। माता-पिता ने फिलहाल बंटवारा करने से इनकार कर दिया, जिससे वह गुस्से में आ गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामकुमार ने अपनी सहारे वाली लाठी से मां जानकुंवर के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने पिता श्याम लाल यादव पर भी लगातार हमला कर दिया, जिससे उनका पैर टूट गया तथा हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रात में घर से फरार हो गया। शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना प्रभारी एसआई नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की।

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी रामकुमार यादव को ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पहले भी अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर चुका था। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे ग्राम चीतापाली में शोक का माहौल है और लोग आरोपी की इस करतूत की कड़ी निंदा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *