
कोरबा। जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज सामने आने के बाद जिले में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 19 हो गई है। राहत की बात यह है कि इनमें से 12 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 7 मरीजों का इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के अलग-अलग अस्पतालों में संक्रमित मरीजों का उपचार किया जा रहा है। तीन नए मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। संदिग्ध मरीजों की भी जांच कराई जा रही है, ताकि संक्रमण की स्थिति पर नजर रखी जा सके।स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड सहित मरीजों की जांच और उपचार की व्यवस्था की गई है। विभाग की टीम लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है।
चिकित्सकों के अनुसार स्वाइन फ्लू में तेज बुखार, ठंड लगना, सिर दर्द, गले में खराश, तेज खांसी, सांस लेने में तकलीफ, अत्यधिक थकान और बदन दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण नजर आने पर लापरवाही न बरतते हुए चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि संक्रमित या संदिग्ध मरीज चिकित्सकों की सलाह के अनुसार आवश्यक सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन में रहें। विभाग ने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने और लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराने की अपील की है।





