Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा में उफनते दादर नाले में डूबी स्कॉर्पियो, 3 युवकों की बची जान’ 50 से ज्यादा घरों में घुसा गंदा पानी

  कोरबा में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। दादर नाला उफान पर आने से एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में फंसकर डूब गई। वाहन में सवार तीन युवकों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं, शहर के कई इलाकों में नाले का पानी घरों में घुस गया है। 50 से ज्यादा घरों में पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और घरों का सामान पानी में तैरता नजर आया।

तेज बहाव में फंस गई स्कॉर्पियो

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह दादर नाला में पानी का बहाव काफी तेज था। इसके बावजूद स्कॉर्पियो सवार तीन युवक नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वाहन तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में डूबने लगा।

स्थिति बिगड़ते देख तीनों युवक किसी तरह वाहन से बाहर निकले और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे बाद स्कॉर्पियो को भी बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद नाले के दोनों तरफ आवाजाही बंद कर दी गई।

50 से ज्यादा घरों में घुसा नाले का पानी

लगातार बारिश के कारण कोरबा के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। चिमनी भट्ठा, अमरैया पारा, शारदा विहार, मोतीसागर पारा, सीतामणी और मुड़ापार समेत कई क्षेत्रों में नाले का पानी घरों तक पहुंच गया।

चिमनी भट्ठा और आसपास के इलाकों में 50 से ज्यादा घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। घरों के अंदर पानी भरने से लोगों का घरेलू सामान भी पानी में तैरता नजर आया। कई परिवारों को अपने सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

जलभराव से जनजीवन प्रभावित

तेज बारिश के कारण सड़कों पर भी पानी भर गया है। नाले और नदी उफान पर होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों में पानी और बढ़ने को लेकर चिंता बनी हुई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!