Home / कोरबा / कोरबा: दोस्तों संग नहाने गया युवक बहा, लापता युवती का शव बरामद

कोरबा: दोस्तों संग नहाने गया युवक बहा, लापता युवती का शव बरामद

  कोरबा जिले में अहिरन नदी लगातार हादसों का गवाह बन रही है। मंगलवार दोपहर कुसमुंडा क्षेत्र में नहाने के दौरान एक युवक नदी में बह गया। वहीं, 9 मई शनिवार से लापता 24 वर्षीय युवती का शव भी अहिरन नदी से बरामद हुआ। दोनों घटनाओं से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

मंगलवार दोपहर एसईसीएल कुसमुंडा में डंपर ऑपरेटर निर्मल सिंह ठाकुर का पुत्र निखिल सिंह अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। यह घटना विकास नगर आईबीपी क्षेत्र के एनटीपीसी रेलवे पुल के नीचे हुई। उसके कुछ दोस्त ऊंचाई से छलांग लगाकर नदी में उतरे। उन्हें देख निखिल ने भी छलांग लगा दी। दोस्त तैरकर दूसरी ओर निकल गए, लेकिन निखिल पानी से बाहर नहीं आया। घबराए दोस्तों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोर की टीम को बुलाया गया है। देर शाम तक निखिल का कोई सुराग नहीं मिला। खोजबीन जारी है।

दूसरी ओर, कुसमुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया वैशाली नगर से 9 मई शनिवार शाम 7 बजे से लापता निर्मला यादव का शव मंगलवार दोपहर अहिरन नदी में मिला। परिजनों ने 11 मई सोमवार को कुसमुंडा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। सुबह ग्राम खमरिया से लगे पाली खोड़री बसावट के पीछे नदी में शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर निखिल के साथ हादसा हुआ, वहां नदी काफी गहरी है। पूर्व में भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। अहिरन नदी का एनटीपीसी पुल और आसपास का क्षेत्र गहराई के कारण खतरनाक माना जाता है। इसके बावजूद यहां नहाने वालों की भीड़ रहती है। बार-बार हादसों के बाद भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं, न चेतावनी बोर्ड लगे हैं, न बैरिकेडिंग की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *