Home / कोरबा / सजग कोरबा सतर्क कोरबा”अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 104 चालकों पर जुर्माना

सजग कोरबा सतर्क कोरबा”अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 104 चालकों पर जुर्माना

 कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एक ही दिन में 104 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 53 हजार 400 रुपये का समंस शुल्क वसूला गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना-चौकी और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

विशेष अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। कुल 19 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन न चलाएं। साथ ही ओवरलोडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन से बचने की सलाह दी गई है।

कोरबा पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और यातायात नियमों का पालन कर कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *