
कोरबा, 15 जुलाई 2026। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दादरखुर्द में आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के भव्य आयोजन के लिए दादरखुर्द ग्राम विकास समिति को निगम की ओर से 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों को आरटीजीएस की प्रति सौंपते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि दादरखुर्द में प्रतिवर्ष भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाती है, जिसमें कोरबा सहित दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। नगर निगम हर वर्ष इस धार्मिक आयोजन में आर्थिक सहयोग देता है।
उन्होंने बताया कि पहले निगम द्वारा 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती थी, लेकिन उनकी पहल पर मेयर इन काउंसिल और निगम की सामान्य सभा ने इसे बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर दिया है। इस वर्ष 16 जुलाई को आयोजित होने वाली रथयात्रा के लिए बढ़ी हुई सहायता राशि समिति को प्रदान की गई।
नगर निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित महापौर कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष कृष्णकुमार द्विवेदी, आरिफ खान, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, संतोष थवाईत, नरेशराम पटेल, सबितराम पटेल, रामनाथ पटेल, शत्रुघ्न पटेल, राजकुमार पटेल, सूरज पटेल, नागेश्वर चंद्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
