Home / जांजगीर-चांपा / मोड़ पर पलटा ट्रेलर,दबे भाई-बहन की मौत से पसरा मातम

मोड़ पर पलटा ट्रेलर,दबे भाई-बहन की मौत से पसरा मातम

जांजगीर-चाम्पा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ठड़गाबहरा और बिरगहनी मोड़ के पास सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार और ओवरलोड कोयला लदे ट्रेलर के पलटने से बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरगहनी निवासी संजय कुर्रे (18 वर्ष) अपनी बड़ी बहन अंजूलता कुर्रे (25 वर्ष) के साथ किसी काम से बलौदा गए हुए थे। अंजूलता की शादी महज एक साल पहले खैजा निवासी मनीष लहरे के साथ हुई थी। वह अपने मायके आई हुई थी और भाई के साथ बाहर निकली थी, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर साबित होगा।
​हादसा उस वक्त हुआ जब कुसमुंडा खदान से कोयला लोड कर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर बिरगहनी मोड़ के पास पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की रफ्तार काफी अधिक थी और वह पूरी तरह ओवरलोड था। मोड़ काटते समय असंतुलित होकर सीधे बाइक सवार भाई-बहन के ऊपर जा पलटा। भारी-भरकम वाहन और कोयले के नीचे दबने के कारण संजय और अंजूलता को संभलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
​घटना के बाद ट्रेलर चालक गिरफ्तारी के डर से वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। भाई-बहन की मौत ने परिजनों को तोड़कर रख दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर बढ़ रहे ओवरलोड वाहनों और तेज रफ्तार पर नाराजगी जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *