
कोरबाजिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार बाईपास में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले पहचान पत्र (आई-कार्ड) के आधार पर हरियर दास, पिता इतवारी दास, निवासी बिरदा के रूप में हुई। वह सीएसईबी के डीएसपीएम प्लांट में कार्यरत था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियर दास अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान राताखार बाईपास के पास तेज गति से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक और वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक बाईपास मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राताखार बाईपास पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। इस मार्ग पर पहले भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी यातायात नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाईपास पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित पुलिस निगरानी बढ़ाने, स्पीड मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने तथा आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेतक और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे होते रहेंगे। मृतक की असामयिक मौत से उसके परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।
