Home / रायपुर / महतारी वंदन योजना: छूटी हुई महिलाओं को मिलेगा मौका, एक सप्ताह में फिर खुल सकता है पोर्टल

महतारी वंदन योजना: छूटी हुई महिलाओं को मिलेगा मौका, एक सप्ताह में फिर खुल सकता है पोर्टल

रायपुर। महतारी वंदन योजना से वंचित रह गई विवाहित महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा खोलने की तैयारी कर रही है, जिससे पात्र महिलाएं आवेदन कर योजना का लाभ ले सकेंगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री की अनुमति मिल चुकी है और अगले एक सप्ताह के भीतर पोर्टल शुरू करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोर्टल खोलने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से लागू होगी।

मंत्री के अनुसार, पहले चरण में बस्तर संभाग के जिलों में पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी आवेदन और पंजीयन की सुविधा शुरू की जाएगी। इससे उन पात्र महिलाओं को लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सकी थीं या जिनका नाम योजना में शामिल नहीं हो पाया था।

गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनकी भूमिका को मजबूत करना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

पोर्टल दोबारा शुरू होने से बड़ी संख्या में ऐसी महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *