Home / Uncategorized / कॉलेज छात्र की हत्या….सभी आरोपी गिरफ्तार…सरकंडा पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

कॉलेज छात्र की हत्या….सभी आरोपी गिरफ्तार…सरकंडा पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में कालेज छात्र की बड़ी ही निर्ममता से हत्या का मामला सामने आया है।इस घटना के सामने आने के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका का बताया जा रहा है।

जहां पर मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और बीच-बचाव करने आए कॉलेज छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के सामने आने के बाद से सरकंडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया।फिलहाल आरोपियों से पुलिस पूछताछ में लगी हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभिषेक यादव पिता संतोष यादव उम्र 22 वर्ष निवासी मोपका गुड़ी मोहल्ला के रूप में हुई है। अभिषेक बीए सेकेंड ईयर का छात्र था। घटना रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। ओमप्रकाश यादव पिता बड़े गुड्डू उम्र 16 वर्ष का सरकंडा के मौपका चौक में पड़ोस की युवती से बातचीत को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया और करीब पांच लोग मिलकर ओमप्रकाश के साथ हाथापाई करते हुए पीटना शुरू कर दिए,अपने छोटे चचेरे भाई को पिटता देख अभिषेक यादव बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचा। लेकिन आरोपियों का गुस्सा इतना बढ़ चुका था कि उन्होंने अभिषेक को ही निशाना बना लिया,और आरोपियों में से एक ने चापड़ निकालकर अभिषेक के गले पर जानलेवा वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अभिषेक यादव खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इधर, जान बचाकर भागे छोटे भाई ओमप्रकाश को भी आरोपियों ने दौड़ा दिया और वह किसी तरह अपनी जान बचाते हुए नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचा और अंदर घुसकर अपनी जान बचाई।इसके बाद भी इन आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और सभी उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए। घटना की खबर फैलते ही गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुँचे। अभिषेक को अपोलो हॉस्पिटल लेकर गए जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इधर आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग थाने पहुंच गए और करीब 50 से 60 लोगों ने मिलकर थाना का घेराव कर दिया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *