Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा: तेज रफ्तार कार का कहर, एक्टिवा सवार युवतियों को मारी टक्कर, भागते समय बाइक सवार को भी रौंदा

कोरबा: तेज रफ्तार कार का कहर, एक्टिवा सवार युवतियों को मारी टक्कर, भागते समय बाइक सवार को भी रौंदा

कोरबा।  शुक्रवार रात सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अप्पू गार्डन के पास एक तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया। बेलगाम कार ने पहले एक्टिवा सवार दो युवतियों को टक्कर मारी, फिर भागते समय एक बाइक सवार को भी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि गाड़ी डैमेज हो गई।

घायल युवतियों की पहचान पूजा कंवर और किरण वैष्णो के रूप में हुई है। दोनों एक्टिवा से किसी काम से जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

सड़क पर गिरीं युवतियां, एक्टिवा क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे में एक्टिवा भी बुरी तरह डैमेज हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार ड्राइवर रुका नहीं और मौके से भागने लगा।

भागते समय बाइक सवार को भी मारी टक्कर

फरार होने के दौरान आरोपी चालक ने सामने से आ रहे एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि बाइक सवार को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गया।

दो वाहनों को टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।

घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी। घायल पूजा कंवर और किरण वैष्णो को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर फरार कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अप्पू गार्डन क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *