
कोरबा। पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का मोबाइल नंबर हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर्स द्वारा विधायक के WhatsApp नंबर का इस्तेमाल कर उनके परिचितों और समर्थकों से पैसे भेजने की मांग की जा रही है।
विधायक मरकाम के अनुसार मंगलवार को उन्हें पार्सल से संबंधित एक फोन आया था। बातचीत के दौरान उनके मोबाइल नंबर से जुड़ी साइबर हैकिंग की घटना हुई। इसके बाद अज्ञात लोगों ने उनके WhatsApp नंबर से मैसेज भेजकर ₹76 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी।
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक मरकाम ने अपने शुभचिंतकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सतर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी तरह के पैसों की आवश्यकता नहीं है और उनके नंबर से पैसे मांगने वाला कोई भी मैसेज मिलने पर लोग उस पर भरोसा न करें।
विधायक ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से यदि पैसे या किसी अन्य मदद की मांग वाला मैसेज या कॉल आता है तो पहले सीधे उनसे संपर्क कर उसकी पुष्टि करें। उन्होंने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना में सूचना दें और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराएं।





