Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

जांजगीर-चांपा पुलिस को मिली नई ताकत, 10 डायल-112 और हाईवे पेट्रोलिंग वाहन हुए शामिल

जांजगीर-चांपा। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस को 10 नए डायल-112 वाहन और 1 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों ने नवीन “नेक्स्ट जनरेशन ERSS डायल-112” वाहनों को रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, GVK चालकों और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से जिले में आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया और तेज होगी। पीड़ितों तक समय पर सहायता पहुंचाने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

डायल-112 और हाईवे पेट्रोलिंग के लिए मिले अत्याधुनिक वाहनों से अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच अधिक प्रभावी होगी। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी विजय पैकरा, CSP योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम और रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!