रात के अंधेरे में डीजल चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार,स्कॉर्पियो समेत 13 लाख का माल जप्त

जांजगीर-चांपा, 31 मई 2026। थाना बलौदा पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का 175 लीटर डीजल, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, जेरिकेन तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 13 लाख 17 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी प्रकाश कुमार राठौर निवासी खिसोरा ने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका हाइवा वाहन नवागांव घाट से हरदीबाजार जा रहा था। 31 मई की रात चालक बीकेश चौहान ने वाहन को खिसोरा-उमरेली तालाब के पास भारतमाला रोड किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार तीन अज्ञात युवक पहुंचे और हाइवा की डीजल टंकी का ताला तोड़कर जेरिकेन में डीजल भरने लगे।

चालक की नींद खुलने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में जांच में हाइवा से करीब 175 लीटर डीजल चोरी होना पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 17,500 रुपये थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना बलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने डीजल चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपी

तेजू पनिका (31 वर्ष), निवासी जमगहना, थाना पटना, जिला कोरिया

दिनेश कुमार केंवट (22 वर्ष), निवासी रसौटा, थाना बलौदा

मनोज कुमार मिरी (37 वर्ष), निवासी कोरबी, थाना बलौदा

बरामद सामग्री

175 लीटर चोरी का डीजल

महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन

2 जेरिकेन

लोहे की रॉड

पेचकस

पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार तथा आरक्षक रज्जू रात्रे, प्रहलाद निर्मलकर, राघवेन्द्र सिंह, रोहित साहू, बृजपाल बर्मन, टिकेश्वर राठौर, संतोष रात्रे, संदीप सोनंत एवं महिला आरक्षक रुखमणी निर्मलकर की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!