Home / कोरबा / 24 घंटे में बदला फैसला: कोरबा कोतवाली प्रभारी की कुर्सी से लाइन अटैच हुए धर्मनारायण तिवारी, वजहों पर तेज हुई चर्चा

24 घंटे में बदला फैसला: कोरबा कोतवाली प्रभारी की कुर्सी से लाइन अटैच हुए धर्मनारायण तिवारी, वजहों पर तेज हुई चर्चा

  कोरबा जिले के पुलिस महकमे में महज 24 घंटे के भीतर हुए अप्रत्याशित फेरबदल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 29 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को कटघोरा थाना प्रभारी से कोरबा नगर के कोतवाली का प्रभारी बनाया गया था। वहीं निरीक्षक एम.बी. पटेल को कटघोरा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लेकिन इस आदेश के जारी होने के सिर्फ एक दिन बाद, 30 जून को नया आदेश जारी कर निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया। वहीं निरीक्षक प्रमोद डड़सेना को नगर कोतवाली का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया। इस अचानक हुए बदलाव से पुलिस महकमे के साथ-साथ शहर में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस अप्रत्याशित फैसले के पीछे राजनीतिक हस्तक्षेप की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि परिस्थितियों को देखते हुए धर्मनारायण तिवारी ने कोतवाली की जिम्मेदारी संभालने से पीछे हटना उचित समझा, जिसके बाद उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया।
धर्मनारायण तिवारी जिले के उन पुलिस अधिकारियों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपनी कार्यशैली, ईमानदारी और सख्त पुलिसिंग से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने जिन-जिन थानों में पदस्थ रहकर कार्य किया, वहां अपराध, अवैध नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया। आम जनता के बीच उनकी सकारात्मक छवि और कार्यों की लगातार सराहना होती रही है।
नगर कोतवाली जैसे महत्वपूर्ण थाने की जिम्मेदारी मिलने से लोगों को उम्मीद थी कि तिवारी के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग में नए बदलाव देखने को मिलेंगे। लेकिन 24 घंटे के भीतर हुए इस फेरबदल ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं, जबकि पुलिस विभाग की ओर से इस बदलाव के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *