Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

मंगला में करीब 10 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, मुक्तिधाम और सामुदायिक भवन के लिए नई घोषणाएं

बिलासपुरमंगला स्थित माता चौरा परिसर में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी की गईं।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपये, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये तथा क्षेत्र के लिए पृथक जल आवर्धन योजना देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने पर प्राथमिकता से काम कर रही है।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से अधोसंरचना विकास के कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने समयबद्ध तरीके से विकास कार्यों को पूरा करने और जनता तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अब तक एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं और आगे भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का सिलसिला जारी रहेगा।

कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!