Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा ब्रेकिंग :दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में भड़की कांग्रेस,कोरबा में पीएम-शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

कोरबा ब्रेकिंग :दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में भड़की कांग्रेस,कोरबा में पीएम-शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

 पूर्व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल के नेतृत्व में आज जिला युवा कांग्रेस, जिला कांग्रेस, एनएसयूआई एवं महिला कांग्रेस ने निहारिका स्थित सुभाष चौक पर कैंडल मार्च निकालकर दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज का विरोध किया।

कथित परीक्षा पेपर लीक मामले और दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को कोरबा का सुभाष चौक राजनीतिक विरोध का बड़ा केंद्र बन गया। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग उठाई।

 बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था, कथित पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा। सुभाष चौक पर कुछ देर तक माहौल पूरी तरह विरोध प्रदर्शन के रंग में नजर आया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में संसद घेराव के लिए पहुंचे हजारों छात्र और युवा शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा कथित पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे, लेकिन उनकी मांगों पर संवाद करने के बजाय पुलिस ने उनके साथ कथित रूप से बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया और लाठीचार्ज किया। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए नेताओं ने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है

वक्ताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक के मामलों ने देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। ऐसे गंभीर मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रही और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। पुलिस की मौजूदगी में पुतला दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!