
कोरबा जिले के राजगामार क्षेत्र में ठाकुरखेता नाला के पास स्थित अक्षत शर्मा के फार्म हाउस में चोरी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना का पता 8 जून की सुबह उस वक्त चला, जब फार्म हाउस के मालिक अक्षत शर्मा वहां पहुंचे। फार्म हाउस के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
बताया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने पूरे फार्म हाउस को निशाना बनाया। चोरों ने वहां लगे करीब 8 CCTV कैमरे और DVR सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा फ्रिज, टीवी, बर्तन समेत कई सामान भी चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
चोरी के साथ ही फार्म हाउस में जमकर तोड़फोड़ भी की गई। शेड निर्माण में इस्तेमाल होने वाले लोहे के पाइप और रिन के शेड को भी नुकसान पहुंचाया गया। फार्म हाउस में सामान को तोड़ने और क्षतिग्रस्त करने से भी काफी नुकसान हुआ है।
घटना के बाद अक्षत शर्मा ने मामले की सूचना पुलिस को दी। चोरी और तोड़फोड़ की इस वारदात में कुल नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। हालांकि चोरी हुए सामान और नुकसान की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र में पूछताछ तथा उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फार्म हाउस में लगे CCTV कैमरे ही चोरी कर लिए जाने के कारण जांच में आसपास लगे अन्य कैमरों से सुराग मिलने की उम्मीद है।





