Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

नगरी में तेंदुए का आतंक! दो दिन पहले दिखा था तीन शावकों के साथ, अब गाय का किया शिकार

नगरी में तेंदुए का आतंक! दो दिन पहले दिखा था तीन शावकों के साथ, अब गाय का किया शिकार

वार्ड क्रमांक-1 में दहशत का माहौल, ग्रामीणों ने पिंजरा लगाकर तेंदुए को सुरक्षित क्षेत्र में ले जाने की उठाई मांग

नगरी नगर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित तल्लेवार पेट्रोल पंप के आसपास पिछले कुछ दिनों से दिखाई दे रहे मादा तेंदुए ने अब एक गाय का शिकार कर दिया है। तेंदुए के लगातार विचरण और अब पशु के शिकार की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते वन विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही इस क्षेत्र में मादा तेंदुए को अपने तीन शावकों के साथ चहल-कदमी करते देखे जाने की खबर सामने आई थी। उस समय से ही क्षेत्रवासियों में भय का माहौल था और तेंदुए की मौजूदगी को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत जताई जा रही थी। अब उसी इलाके में गाय के शिकार की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग को तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद अब तक अपेक्षित स्तर पर जरूरी कदम नहीं उठाए गए। लोगों का सवाल है कि जब तेंदुआ आबादी वाले इलाके के आसपास लगातार घूम रहा था, तब उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने या आबादी से दूर करने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाने और तेंदुए को रेस्क्यू कर आबादी से दूर सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आज तेंदुए ने गाय का शिकार किया है, लेकिन यदि कल किसी इंसान पर हमला हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

गाय के शिकार की घटना के बाद अब नगरी में वन्यजीव की मौजूदगी महज डर नहीं, बल्कि सुरक्षा का गंभीर सवाल बन गई है। लोगों ने वन विभाग से कागजी कार्रवाई के बजाय मौके पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!