Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा: ब्रेकअप से नाराज युवक ने प्रेमिका के नए दोस्त पर कैंची से किया वार, हत्या के प्रयास में गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक द्वारा नाबालिग पर कैंची से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना प्रेम-प्रसंग से जुड़ी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।​

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा का है। जानकारी के अनुसार, पथरीपारा के रहने वाले 18 वर्षीय सागर यादव का एक नाबालिग लड़की के साथ अफेयर चल रहा था। कुछ समय बाद लड़की ने सागर से दूरी बना ली और उसी मोहल्ले के एक दूसरे नाबालिग लड़के के करीब आ गई। अपनी पूर्व प्रेमिका की दूसरे लड़के से इसी नजदीकी के कारण सागर रंजिश रखने लगा था।​

सोमवार रात सागर और उस नाबालिग लड़के का आमना-सामना हुआ और दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सागर ने गुस्से में आकर अपने पास रखी कैंची से नाबालिग के चेहरे पर कई वार कर दिए। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और घायल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।​

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घायल किशोर का बयान दर्ज किया और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सागर यादव आदतन अपराधी है। जब वह नाबालिग था, तब भी उसे एक अन्य मामले में बाल सुधार गृह में रखा गया था।​

.फिलहाल, सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी सागर यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!