Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

नशे में ड्यूटी कर सरकारी वाहन का एक्सीडेंट, आरक्षक बर्खास्त; बलरामपुर एसपी ने की कड़ी कार्रवाई

नशे में ड्यूटी कर सरकारी वाहन का एक्सीडेंट, आरक्षक बर्खास्त; बलरामपुर एसपी ने की कड़ी कार्रवाईअंबिकापुर/बलरामपुर। बलरामपुर जिले में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में सरकारी वाहन चलाने और उसे दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में पुलिस विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में आरक्षक के खिलाफ शराब का सेवन करने, सरकारी वाहन को दुर्घटनाग्रस्त कराने, घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचरण के आरोप प्रमाणित पाए गए। 7 जुलाई की रात हुआ था हादसाजानकारी के अनुसार घटना 7 जुलाई 2026 की रात करीब 11:40 बजे की है। वाड्रफनगर चौकी, थाना बसंतपुर क्षेत्र में संचालित डायल 112 वाहन क्रमांक CG-03-A-2749 में आरक्षक संजय मारकण्डे और चालक ओमप्रकाश यादव ड्यूटी पर तैनात थे।एक इवेंट की सूचना मिलने के बाद दोनों डायल 112 वाहन से ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए। इसी दौरान वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के पास डायल 112 वाहन सामने से आ रही पिकअप क्रमांक UP-64-CT-1055 से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरकारी डायल 112 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मेडिकल जांच में शराब के नशे की पुष्टिहादसे के बाद मौके पर पहुंची टीम को आरक्षक और चालक के व्यवहार से उनके नशे में होने का संदेह हुआ। इसके बाद दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि हुई। विभागीय जांच में आरोप साबितघटना के बाद पुलिस विभाग की ओर से मामले की विभागीय जांच कराई गई। जांच में आरक्षक संजय मारकण्डे पर ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने, नशे की हालत में सरकारी वाहन को गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त करने और पुलिस सेवा के अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप प्रमाणित हुए।जांच रिपोर्ट के आधार पर बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने 19 सितंबर 2026 को आरक्षक संजय मारकण्डे को तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया। उस समय आरक्षक रक्षित केंद्र बलरामपुर में पदस्थ था, जबकि इससे पहले वह वाड्रफनगर चौकी में तैनात था। पुलिस विभाग में सख्त कार्रवाई का संदेशइस कार्रवाई के जरिए पुलिस विभाग ने ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग के मामलों में सख्त रुख का संकेत दिया है। डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले को विभाग ने गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच के बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!