

कोरबा. साइबर जागृति अभियान के तहत नगर निगम कोरबा के सभागृह में बुधवार को ‘साइबर चौपाल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों और आमजन को साइबर अपराध से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन रहे। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और आमजन मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने ओटीपी फ्रॉड, अनजान लिंक, फर्जी APK, QR कोड, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने ओटीपी और गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की। कलेक्टर कुणाल दुदावत और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता बढ़ाने और डिजिटल सुविधाओं का सावधानीपूर्वक उपयोग करने पर जोर दिया।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ सेल्फी बोर्ड के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया।
कोरबा पुलिस द्वारा 15 अगस्त से साइबर जागृति अभियान के तहत जिलेभर में स्कूल-कॉलेज, बाजार, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस ने साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करने तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की






