गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता और राष्ट्रसेवा का संदेश

कोरबा/जमनीपाली, 02 अक्टूबर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जमनीपाली में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मां सरस्वती की प्रतिमा तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के सेवानिवृत्त आचार्य अयोध्या प्रसाद त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं भाषण की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के आदर्शों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सरल व्यक्तित्व, दृढ़ संकल्प और देशभक्ति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर से रैली निकाली। रैली में विद्यार्थियों ने “जय जवान-जय किसान”, “महात्मा गांधी अमर रहें” और “भारत माता की जय” जैसे नारों के माध्यम से देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश दिया।

विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए आवश्यक है कि विद्यार्थी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण में भी उतारें। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान व्यक्तित्वों के योगदान के बिना देश आज जिस प्रगति और समृद्धि की स्थिति में पहुंचा है, वहां तक पहुंचना संभव नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाकर देश के उज्ज्वल भविष्य में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!