मड़वा ताप विद्युत संयंत्र ने रचा नया इतिहास, 100.96% पीएलएफ के साथ बनाया दैनिक उत्पादन का रिकॉर्ड

8 अक्टूबर को 12.230 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन, प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने अभियंताओं और कर्मचारियों को दी बधाई

जांजगीर-चांपा, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस), मड़वा ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संयंत्र ने 8 अक्टूबर 2026 को 100.96 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) के साथ 12.230 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया। इस उपलब्धि के साथ मड़वा संयंत्र ने दैनिक विद्युत उत्पादन के अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नई उपलब्धि दर्ज की है।

इस सफलता पर पावर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े सहित संयंत्र के अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को टीम के सामूहिक प्रयास, तकनीकी दक्षता और सतत मेहनत का परिणाम बताया।

पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर बनाया नया कीर्तिमान

मड़वा ताप विद्युत संयंत्र में प्रदेश 

सरकार

 की 500-500 मेगावाट क्षमता वाली दो आधुनिक विद्युत इकाइयां संचालित हैं। इससे पहले संयंत्र ने 12 जनवरी 2018 को 100.94 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 12.226 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था। अब 8 अक्टूबर 2026 को 100.96 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 12.230 मिलियन यूनिट उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है।

मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में मड़वा संयंत्र ने उत्पादन और परिचालन दक्षता के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

इकाई क्रमांक-दो के नाम भी दर्ज हैं कई रिकॉर्ड

संयंत्र की 500 मेगावाट क्षमता वाली इकाई क्रमांक-दो ने फरवरी 2024 में एक दिन में 102.74 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 12.328 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया था। इसी इकाई ने 31 दिसंबर 2024 को लगातार 248 दिनों तक विद्युत उत्पादन करने का रिकॉर्ड भी बनाया।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में मड़वा संयंत्र ने 84.11 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 7,388.541 मिलियन यूनिट का सर्वाधिक वार्षिक विद्युत उत्पादन दर्ज किया। वहीं, इसी वित्तीय वर्ष में इकाई क्रमांक-एक ने 29 नवंबर 2023 को लगातार 178 दिनों तक विद्युत उत्पादन करने की उपलब्धि हासिल की थी।

बिजली खपत में भी आई कमी

संयंत्र की उपलब्धियों में ऊर्जा दक्षता का पहलू भी महत्वपूर्ण रहा है। कंपनी के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर माह में जनवरी 2018 की तुलना में संयंत्र की दैनिक सहायक विद्युत खपत में 0.39 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

इसके अलावा, वित्तीय वर्ष 2023-24 में 16 फरवरी 2024 तक ही संयंत्र ने 6,429.74 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था। यह उपलब्धि निर्धारित अवधि से 44 दिन पहले हासिल की गई थी।

टीमवर्क को दिया सफलता का श्रेय

मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने इस सफलता का श्रेय प्रबंध निदेशक एसके कटियार, कार्यपालक निदेशक (संचालन एवं संधारण) सीएल नेताम, मुख्यालय रायपुर के मार्गदर्शन तथा मड़वा संयंत्र के अभियंताओं और कर्मचारियों की मेहनत को दिया।

उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, आपसी समन्वय और निरंतर कार्य के चलते संयंत्र निर्बाध रूप से विद्युत उत्पादन कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ टीम भविष्य में भी पावर कंपनी की प्रगति और बेहतर विद्युत उत्पादन के लिए प्रयासरत रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!