सृजन की 174वीं काव्य गोष्ठी में बही साहित्य की रसधार, रचनाओं पर हुआ सार्थक विमर्श; शब्दों को मिले संस्कार, विचारों को नई दिशा

सृजन में शब्दों को मिलते हैं संस्कार, विचारों को मिलती है दिशा; ऑनलाइन काव्य चर्चा में रचनाकारों ने साझा कीं स्वरचित कविताएँ

विशाखापट्टनम। हिंदी साहित्य की सक्रिय संस्था ‘सृजन’ का 174वाँ कार्यक्रम ऑनलाइन आयोजित किया गया। संस्था के मासिक आयोजन के अंतर्गत सदस्यों की स्वरचित कविताओं पर साहित्यिक चर्चा हुई। कार्यक्रम में रचनाकारों ने अपनी कविताओं का पाठ किया और उपस्थित सदस्यों ने उनकी विषयवस्तु, भाव, भाषा तथा साहित्यिक पक्षों पर विस्तार से विचार रखे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. मधुबाला कुशवाहा की सरस्वती वंदना से हुआ। वाराणसी रमणी ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि कविता मन के भीतर उठने वाली संवेदनाओं को शब्दों में अभिव्यक्त करने की कला है। कवि किसी भी विषय पर अपनी भावनाओं और विचारों को स्वतंत्र रूप से प्रस्तुत कर सकता है। सृजन का यह आयोजन इसी रचनात्मक अभिव्यक्ति और साहित्यिक संवाद को समर्पित है।

संस्था के सचिव डॉ. टी. महादेव राव ने अपने उद्बोधन में कहा कि सृजन केवल काव्य-पाठ और विमर्श का मंच नहीं, बल्कि ऐसी सृजनात्मक यात्रा है, जहाँ शब्दों को संस्कार मिलते हैं, विचारों को दिशा मिलती है और साहित्य सामाजिक उत्तरदायित्व का स्वरूप ग्रहण करता है। उन्होंने रचनाकारों से निरंतर लेखन करते रहने तथा साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन संस्था के वरिष्ठ सदस्य तथा तेलुगु एवं हिंदी के रचनाकार बी. एस. मूर्ति ने अपनी विशिष्ट शैली में किया।काव्य चर्चा के दौरान वाराणसी रमणी (हैदराबाद, तेलंगाना) ने ‘रिश्ते’ कविता प्रस्तुत की। इस रचना में रिश्तों के प्रति शिकायत से स्वीकृति और सुलह तक की भावनात्मक यात्रा को अभिव्यक्त किया गया। डॉ. एम. विजयगोपाल (विशाखापट्टनम) ने ‘माँ मुझे माफ कर दो’ कविता सुनाई। रचना के माध्यम से उन्होंने वंदे मातरम् को केवल एक गीत नहीं, बल्कि चेतना और शक्ति के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया।

डॉ. शकुंतला बेहुरा (भुवनेश्वर, ओडिशा) की कविता ‘बांसुरी की धुन’ में एक कलाकार के संवेदनशील मन, अकेलेपन और विरह से विश्वास तक की यात्रा को प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया। एल. चिरंजीवी राव (इच्छापुरम, आंध्र प्रदेश) ने ‘इरादे’ कविता के माध्यम से आत्मविश्वास, आत्मसंयम और अपनी मंजिल स्वयं तय करने की भावना व्यक्त की।बी. राधारानी (विशाखापट्टनम) ने ‘मेरी दोस्त’ कविता प्रस्तुत की, जिसमें दोस्ती के सहज साथ और आत्मीयता को खूबसूरती से व्यक्त किया गया। डॉ. के. अनिता की कविता ‘ईमानदारी’ में ईमानदारी को व्यक्तिगत गुण के साथ-साथ सामाजिक निर्माण की नींव बताया गया। कविता में विद्यार्थी, शिक्षक, व्यापारी, अधिकारी और नेता सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए नैतिकता का महत्व रेखांकित किया गया।

डॉ. मधुबाला कुशवाहा ने ‘रिश्तों की रोशनी’ कविता का पाठ किया। इस रचना में रिश्तों को जीवन की वास्तविक पूँजी बताते हुए मानवीय संवेदनाओं और आपसी आत्मीयता का संदेश दिया गया। एस. वी. आर. नायडू की कविता ‘दुर्गापूजा’ में माँ दुर्गा की आराधना के साथ स्वच्छता और संवेदनशीलता को सच्ची पूजा का अभिन्न अंग बताया गया।डॉ. टी. महादेव राव ने ‘तुम, शाम और मैं’ कविता प्रस्तुत की। रचना में प्रेम को केवल श्रृंगार तक सीमित न रखते हुए उसे जीवन के दर्शन और अर्थ से जोड़ा गया। वहीं, बी. एस. मूर्ति की कविता ‘अंतिम निर्णय’ में वृद्धावस्था, आत्मसम्मान और मानसिक शांति जैसे संवेदनशील विषयों को उठाया गया। कविता में वृद्धाश्रम को एकाकी बुजुर्गों के लिए नए परिवार के रूप में स्वीकार करने की सोच भी सामने आई।

कार्यक्रम में उपस्थित रचनाकारों ने सभी कविताओं पर अपने विचार साझा किए और उनकी भावभूमि, संदेश तथा अभिव्यक्ति पर चर्चा की। सदस्यों ने कविताओं की गुणवत्ता में लगातार हो रहे निखार पर प्रसन्नता व्यक्त की।अंत में डॉ. के. अनिता ने कार्यक्रम का सार प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था की ओर से जानकारी दी गई कि सृजन का अगला कार्यक्रम 15 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।— डॉ. टी. महादेव रावसचिव, सृजनविशाखापट्टनम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!