कोरबा: दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती समेत दो की मौत, एक्टिवा और बाइक में टक्कर, फिर ट्रेलर ने कुचला

Oplus_16908288

कोरबाजिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से एक्टिवा सवार युवती और बाइक सवार युवक की जान चली गई.

पहले एक्टिवा और बाइक में हुई टक्कर, फिर भारी वाहन ने कुचला

Oplus_16908288

जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सवार अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहा भारी वाहन दोनों की ओर आया. बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक्टिवा सवार युवती भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई. उसने भी मौके पर दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद राहगीरों की जुटी भीड़

सड़क पर हुए इस भीषण हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना तत्काल 112 और संजीवनी वाहन को दी गई. इसके साथ ही कुसमुंडा थाना पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई.

मृतकों की पहचान में जुटी

सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली और दोनों मृतकों की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!