
कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सलोरा में घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान मां की गोद में मौजूद महज ढाई माह के मासूम बच्चे को डंडे की चोट लग गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार करने के साथ कोर्ट में पेश किया और फिर वहां से जेल भेज दिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी में कहा गया कि ग्राम सलोरा निवासी द्वारिका प्रसाद केंवट शराब के नशे में अपनी पत्नी मुश्कान केवट के चरित्र पर संदेह करते हुए विवाद कर रहा था। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इसी दौरान आवेश में आकर द्वारिका प्रसाद ने अपनी पत्नी पर डंडे से वार कर दिया। दुर्भाग्यवश, उस समय मां की गोद में मौजूद ढाई माह का मासूम भी डंडे की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तत्काल बाद परिजन घायल बच्चे को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ समय पहले तक किलकारियां गूंज रही थीं, वहां मातम पसर गया। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी, एसआई चन्द्रमणि खांडे सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति द्वारिका प्रसाद केंवट को उसके घर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। वहीं, मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं फोरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






