07 मासूमों का भविष्य दांव पर, टीसी नहीं इलाज चाहिए नशा कांड पर राजेश यादव ने उठाई बुलंद आवाज,राजेश यादव का सवाल क्या नशा करने वाले शिक्षकों को भी बर्खास्त किया गया है शिक्षा विभाग दे जवाब, सकारात्मक रवैया नहीं अपनाया तो न्यायालय की लेंगे शरण।

 पाली विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबी धतूरा में छात्र-छात्राओं के नशा करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। इस मामले में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर चिंता जाहिर करते हुए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, राजेश यादव ने कहा कि नशे की गतिविधियों में शामिल सभी सातों विद्यार्थी नाबालिग हैं। ऐसे में केवल टीसी जारी कर उन्हें विद्यालय से बाहर कर देना समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि उनके भविष्य को अंधकार में धकेलने जैसा कदम है। बच्चों से गलती हुई है, लेकिन उन्हें सुधारने का अवसर मिलना चाहिए। टीसी देने से पहले अभिभावकों की उपस्थिति में विशेषज्ञों से काउंसलिंग कराई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर नशामुक्ति केंद्र में उपचार की व्यवस्था की जाए।

क्या नशा करने वाले शिक्षकों को भी बर्खास्त किया गया है?

राजेश यादव ने शिक्षा विभाग से सीधा सवाल करते हुए कहा कि जब विद्यार्थियों के मामले में इतनी कठोर कार्रवाई की जा रही है, तो क्या पूर्व में नशे का सेवन करने वाले अथवा शराब पीकर अनुशासनहीनता करने वाले शिक्षकों को भी इसी तरह बर्खास्त किया गया है? यदि नहीं, तो विद्यार्थियों के मामले में इतनी जल्दबाजी और कठोरता क्यों? शिक्षा विभाग को इस सवाल का स्पष्ट जवाब देना चाहिए। अनुशासन के नाम पर कार्रवाई में दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए।

क्या बच्चों और उनके अभिभावकों को स्पष्टीकरण का अवसर दिया गया?

राजेश यादव ने सवाल उठाया कि सातों विद्यार्थियों को टीसी देने जैसा बड़ा निर्णय लेने से पहले क्या उनके अभिभावकों को बुलाकर उनका पक्ष सुना गया? क्या बच्चों को अपना स्पष्टीकरण देने का पर्याप्त अवसर दिया गया? क्या अभिभावकों को प्रस्तावित कार्रवाई और उसके परिणामों की जानकारी दी गई? यदि इन प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया है, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के नाम पर इतना बड़ा निर्णय लिया जाना भी कई सवाल खड़े करता है। विद्यालय की जनभागीदारी समिति की भूमिका, निर्णय की प्रक्रिया और विद्यार्थियों के पक्ष को सुनने संबंधी पूरी जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए। यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि निर्णय नियमानुसार और निष्पक्ष जांच के बाद लिया गया है या नहीं।

कहीं मासूम बच्चे किसी बड़ी साजिश के शिकार तो नहीं?

राजेश यादव ने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि नाबालिग विद्यार्थियों तक नशे की सामग्री कैसे पहुंची। विशेष रूप से छात्राओं को किसी ने जानबूझकर नशे की सामग्री तो नहीं दी अथवा उन पर किसी प्रकार का दबाव तो नहीं बनाया गया? इस पहलू की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। बच्चों को नशीली सामग्री उपलब्ध कराने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रशासन और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी तय हो

उन्होंने सवाल उठाया कि स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की उपलब्धता पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं है? नाबालिगों तक सिगरेट, गांजा अथवा अन्य नशीली सामग्री कैसे पहुंच रही है? केवल विद्यार्थियों पर कार्रवाई करने से समस्या समाप्त नहीं होगी। इसके लिए जिम्मेदार लोगों और नशे का कारोबार करने वालों पर भी कार्रवाई आवश्यक है।

राजेश यादव की प्रमुख मांगें

1. सातों विद्यार्थियों को टीसी देने की कार्रवाई पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए।

2. विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की उपस्थिति में विशेषज्ञों से काउंसलिंग कराई जाए।

3. आवश्यकता के अनुसार नशामुक्ति केंद्र में उपचार की व्यवस्था की जाए।

4. वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर नशीली सामग्री उपलब्ध कराने वालों का पता लगाया जाए।

5. विद्यालय एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

6. टीसी संबंधी निर्णय की प्रक्रिया, जनभागीदारी समिति की भूमिका और विद्यार्थियों को दिए गए सुनवाई के अवसर की जानकारी सार्वजनिक की जाए।

7. नशे एवं अनुशासनहीनता से जुड़े शिक्षकों के मामलों में भी समान रूप से निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, शिक्षा मंत्री और बाल आयोग तक पहुंचाएंगे मामला

राजेश यादव ने स्पष्ट कहा कि इस विषय को लेकर वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा पक्ष रखेंगे। साथ ही बाल संरक्षण आयोग का भी ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित करेंगे। यदि शिक्षा विभाग सकारात्मक रवैया नहीं अपनाता और सातों नाबालिग विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय नहीं लेता, तो पीड़ित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को न्याय दिलाने के लिए कानूनी सलाह लेकर न्यायालय की शरण लेने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

बच्चों को सजा नहीं, सुधार का अवसर मिलना चाहिए

अंत में राजेश यादव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अनुशासन स्थापित करना नहीं, बल्कि बच्चों को गलत रास्ते से निकालकर सही दिशा दिखाना भी है। नाबालिग बच्चों की एक गलती के कारण उनका पूरा शैक्षणिक भविष्य बर्बाद नहीं होना चाहिए। नशे के खिलाफ कठोर अभियान चलना चाहिए, लेकिन इसकी शुरुआत बच्चों को अपराधी मानकर विद्यालय से बाहर करने के बजाय उन्हें नशे से मुक्त कर मुख्यधारा में वापस लाने से होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग से आग्रह किया कि वह संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाए। सात मासूमों को टीसी देने से पहले उनके भविष्य के बारे में गंभीरता से विचार करे। उन्हें टीसी नहीं, सही मार्गदर्शन, काउंसलिंग और जरूरत पड़ने पर इलाज चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!