Home / जांजगीर-चांपा / यातायात पुलिस की सतर्कता से हाइवे पर बड़ी घटना टली: कत्तानुमा हथियार लेकर लोगों को धमका रहा युवक गिरफ्तार

यातायात पुलिस की सतर्कता से हाइवे पर बड़ी घटना टली: कत्तानुमा हथियार लेकर लोगों को धमका रहा युवक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा।07 मई 2026। जिले के यातायात पुलिस की सतर्कता से हाइवे रोड सारागांव में एक बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर राहगीरों को धमका रहे युवक को पकड़कर थाना सारागांव पुलिस के हवाले किया, जहां आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर 6 मई को हाइवे रोड सारागांव क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहगीरों से सूचना मिली कि उत्तम ढाबा के पास एक युवक धारदार लोहे का कत्तानुमा हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही यातायात शाखा चांपा की पेट्रोलिंग टीम, स.उ.नि. सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया और किसी भी संभावित अनहोनी को टाल दिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रकाश सूर्यवंशी (30 वर्ष) निवासी हथनेवरा, थाना चांपा के रूप में हुई है। चूंकि घटना थाना सारागांव क्षेत्र की थी, इसलिए आरोपी को थाना सारागांव पुलिस को सौंप दिया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *