आत्मनिर्भर दलहन मिशन के अंतर्गत किसानों को चना बीज एवं आदान सामग्री का वितरण

कृषि विज्ञान केंद्र कटघोरा जिला कोरबा द्वारा आत्मनिर्भर दलहन मिशन योजना अंतर्गत फसल प्रदर्शन CFLD कार्यक्रम के तहत ग्राम तिलैहा, विकासखंड पाली में किसानों को चना की उन्नत किस्म RVG-204 का बीज एवं आवश्यक आदान सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान किसानों को चना उत्पादन की उन्नत तकनीकों की जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. एस.पी. सिंह ने चना फसल में पोषक तत्व प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं कतारबद्ध बुवाई के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर चना उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कृषि विभाग से अजय सिंह वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि एवं किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही कृषि विकास अधिकारी यू.आर. लहरे एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी राजकुमारी सूर्यवंशी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और किसानों को कृषि विभाग की गतिविधियों एवं कृषि संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। कृषि विज्ञान केंद्र के कीट वैज्ञानिक एम.एस. उर्रे ने चना बीज के बीजोपचार की विधि एवं बुवाई से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी दी। वहीं मृदा वैज्ञानिक दीपक कुमार तंवर ने जैव उर्वरकों जैसे पीएसबी, राइजोबियम एवं ट्राइकोडर्मा विरडी के महत्व, उनके उचित उपयोग एवं चना फसल में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को चना बीज RVG-204 के साथ-साथ पीएसबी राइजोबियम एवं ट्राइकोडर्मा विरडी जैसे जैव उर्वरकों का वितरण किया गया, जिससे किसान वैज्ञानिक तरीके से बीजोपचार एवं फसल प्रबंधन कर सकें।

इस कार्यक्रम में ग्राम तिलैहा एवं आसपास के क्षेत्रों के लगभग 65 किसानों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत चना उत्पादन तकनीकों से जोड़ना, दलहन उत्पादन को बढ़ावा देना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!