बाल विवाह रोकना हम सभी की जिम्मेदारी: कलेक्टर कुणाल दुदावत

27 नवंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होंगी विशेष ग्राम सभाएँ, बाल विवाह के विरोध में ली जाएगी शपथ

कोरबा, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों के नाम संदेश जारी कर बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध होने के साथ बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास में गंभीर बाधा है। इससे उनके अधिकारों और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

कलेक्टर ने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार का बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और छत्तीसगढ़ शासन का बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएँ आयोजित की जाएँगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

श्री दुदावत ने जिलेवासियों, समाजसेवियों और समाज के सभी वर्गों से इन कार्यक्रमों में भाग लेने तथा बाल विवाह न करने और इसका दृढ़तापूर्वक विरोध करने की शपथ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा, “आइए, हम सब मिलकर बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय सहभागी बनें और अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लें। बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!