आयुर्वेद के महत्व और आरोग्य की कामना की गई भगवान धन्वंतरि जयंती पर

डॉ श्वेता बोलीं, आयुर्वेद का प्रचार प्रसार करना सबसे बड़ी सेवा

कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी के अवसर पर 6 नवंबर को धन्वंतरि जयंती समारोह का आयोजन पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका में किया गया। आयुष मेडिकल एसोसिएशन, नमामि हसदेव सेवा समिति, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, श्री शिव औषधालय एवं पतंजलि चिकित्सालय के संयुक्त संयोजन में आयोजित समारोह में भगवान धन्वंतरि का विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार तथा अध्यक्षता जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. जे.पी. चंद्रा, तहसीलदार डॉ. रविशंकर राठौर, नमामि हसदेव सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्र किशोर श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे, दंत चिकित्सक डॉ. बी. प्रसाद एवं भजनोपदेशक पंडित शिवराज शर्मा उपस्थित रहे। श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ी वैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा की विशेष उपस्थिति रही।

समारोह का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद पंडित शिव कुमार शर्मा एवं यज्ञाचार्य पंडित सत्यम शर्मा ने षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया। अतिथियों का स्वागत आयुष चिकित्सकों ने तिलक, पुष्पहार एवं श्रीफल भेंटकर किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पंडित शिवराज शर्मा ने भगवान श्रीराम पर आधारित स्वरचित भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण भक्तिमय कर दिया। वहीं जांजगीर-चांपा के गायक डॉ. रवि सराफ और कोरबा के गायक संदीप शर्मा ने देशभक्ति एवं भक्ति गीतों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

अपने उद्बोधन में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का ने आयुर्वेद को निरापद एवं महत्वपूर्ण चिकित्सा पद्धति बताते हुए इसके प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने डॉ. नागेंद्र शर्मा एवं शिव औषधालय परिवार द्वारा आयुर्वेद के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। तहसीलदार डॉ. रविशंकर राठौर ने कहा कि प्रशासनिक दायित्वों के साथ वे आयुर्वेद के माध्यम से भी जनसेवा से जुड़े हुए हैं। डॉ. जे.पी. चंद्रा ने स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद अपनाने का संदेश दिया।

नमामि हसदेव सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्र किशोर श्रीवास्तव एवं कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे ने पंचतत्वों की शुद्धता को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। मुख्य अतिथि डॉ. पवन कुमार ने कहा कि वास्तविक धन निरोगी शरीर है। भगवान धन्वंतरि का पूजन हमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है।

समारोह के समापन पर अतिथियों एवं चिकित्सकों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अशोक शर्मा ने किया। अंत में संयोजक एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं, फार्मा कंपनियों एवं आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आयोजन को सफल बनाने में डॉ. युगेश नारायण शर्मा, डॉ. जितेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. नीता साहू, डॉ. अरविंद साहू, डॉ. सुधांशु शर्मा, डॉ. ललित साहू, डॉ. अश्विनी आर्य सहित अनेक चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शिव औषधालय परिवार के सदस्यों का योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!