

भारतमाला मार्ग पर अवैध रास्ता जान जोखिम में डाल रहा
कोरबा से बिलासपुर मार्ग पूरी तरह जर्जर,जाने-आने वालों को बड़ी दिक्कत
–
कोरबा। जिले के उरगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा के पास भारतमाला पर बड़ा खतरा सामने आया है। यहां रेलिंग को काटकर बनाया गया अवैध शॉर्टकट रास्ता अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। खतरनाक कटिंग पॉइंट पर एक कार अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बच गई। वाहन की स्थिति ऐसी हो गई कि उसे लकड़ी बांसके सहारे टिकाकर खड़ा करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हाईवे की सुरक्षा रेलिंग काटकर भारी वाहनों के लिए अवैध रास्ता तैयार किया गया है। इसी रास्ते से 18 चक्का ट्रेलर और भारी वाहन लगातार गांव की ओर उतर रहे हैं। आरोप यह भी है कि नीचे उतरने वाले वाहनों से खुलेआम पैसे की वसूली की जा रही है। आखिर ये वसूली कौन कर रहा है और किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है, यह अब बड़ा सवाल बन गया है।
यह है प्रमुख और बड़ी वजह

कोरबा से कनकी, पंतोरा, बलौदा होते हुए बिलासपुर की तरफ़ जाने और उधर से कोरबा वाले वाहन अब इसी शॉर्टकट रास्ते का इस्तेमाल करने लगे है। वजह यह है कि उरगा होकर जाने वाले नदी पुल की हालत लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। पुल बीच से लगभग एक फीट तक धंस चुका है और उसका सपोर्ट भी टूट चुका है। करीब सात महीनों से आम नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन मरम्मत कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। इसी प्रकार बिलासपुर जाने के लिए अक्सर लोगों के द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला पंतोरा, खिसोरा, बलौदा, सीपत मार्ग भी काफी जर्जर हो चुका है। इन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे, उड़ती हुई कोल डस्ट सहित पूरे मार्ग पर मवेशियों का जमघट लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुका है। इस मार्ग पर जहां सड़क अच्छी है वहां भी जगह-जगह पेचवर्क किया गया है और बीच-बीच में इन सड़कों पर ऐसे अदृश्य गड्ढे निर्मित है जो पता ही नहीं चलते और गाड़ियां उछाल मारती हैं। महीनों से यह सड़क जर्जर स्थिति में है, इसके सुधार के लिए अब तक कोई कार्य नहीं हो सका है। बलौदा के आगे से लेकर सीपत तक सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है। खमरिया, लूथरा शरीफ के पास तो हालात और भी बदतर है। ऐसे में लोगों के लिए भारतमाला से होकर जाना बेहतर विकल्प साबित हो रहा है।
अवैध कटिंग प्वाइंट से मुसीबतग्राम तरदा के पास रेलिंग काटकर बनाए गए अवैध कटिंग पॉइंट ने नई मुसीबत खड़ी कर दी है। भारी वाहन अचानक हाईवे से नीचे उतरते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले भी उरगा पुलिस और पंचायत से की गई थी। पुलिस ने एक बार रास्ता बंद भी कराया, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही खेल शुरू हो गया। क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि भारतमाला प्रोजेक्ट मार्ग पर पहले भी लूटमार और अवैध वसूली जैसे मामलों की खबरें सामने आती रही हैं।
अब ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत सौंपकर मांग की है कि कट चुकी रेलिंग की स्थायी मरम्मत कर अवैध रास्ते को पूरी तरह बंद किया जाए। साथ ही वहां हो रही कथित अवैध वसूली की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।


