Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा में खतरनाक ट्रेंड! पहले लिफ्ट, फिर लूट — पुलिस ने खोला बड़ा राज

कोरबा में खतरनाक ट्रेंड! पहले लिफ्ट, फिर लूट — पुलिस ने खोला बड़ा राज

कोरबा। जिले में अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नशे की लत ने दो युवकों को लूटपाट जैसे अपराध की राह पर धकेल दिया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में 26 मार्च को हुई इस घटना में आरोपियों ने पहले एक युवक से लिफ्ट मांगी और फिर बेरहमी से मारपीट कर उसकी बाइक और नकदी लूट ली।

पीड़ित योगेश कुमार, जो मानिकपुर का निवासी है, किसी काम से कोरबा गया हुआ था और वापस लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर बाजार के पास दो अज्ञात युवकों ने उसे रोककर लिफ्ट मांगी। बातचीत के दौरान अचानक दोनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने योगेश की पिटाई की और उसकी बाइक के साथ करीब 2000 रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।

किसी तरह घायल अवस्था में योगेश मानिकपुर चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय फैजल अहमद अंसारी उर्फ अमन और 21 वर्षीय विजय चौहान के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों युवक नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।

मानिकपुर चौकी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *