Home / अन्य / विशेष / एक रोटी कम खाओ, बच्चों को जरूर पढ़ाओ : आदिवासी प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा को बताया समाज की सबसे बड़ी ताकत

एक रोटी कम खाओ, बच्चों को जरूर पढ़ाओ : आदिवासी प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा को बताया समाज की सबसे बड़ी ताकत

लुतरा-सीपतगोंडवाना आदिवासी समाज कर्मचारी संघ द्वारा रविवार को लुतरा स्थित आदिवासी समाज भवन में आदिवासी प्रतिभा उत्साहवर्धन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा पांचवीं, आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को अक्षत, तिलक, मोमेंटो, पेन, डायरी एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

समारोह का उद्देश्य समाज के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा उनकी उपलब्धियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में महासभा केंद्र जेवरा के महासचिव जीपी राज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में लुतरा मंडल अध्यक्ष भागवत आर्मोर, लुतरा प्रमंडल अध्यक्ष भागीरथी पोर्ते, प्रमंडल बसहा अध्यक्ष मोहन पावले, सीपत प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रदीप पांडेय, लुतरा सरपंच चंद्रमणि मरावी सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र पोर्ते ने तथा संचालन भूनेश्वर सिंह मरावी ने किया।

मुख्य अतिथि जीपी राज ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की दिशा और दशा को बेहतर बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि माता-पिता बच्चों के प्रथम गुरु होते हैं और घर का सकारात्मक वातावरण ही सफलता की नींव रखता है।

विशिष्ट अतिथि भागवत आर्मोर ने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ इच्छाशक्ति एवं निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं भागीरथी पोर्ते ने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यह ऐसी संपत्ति है जिसे कोई चुरा नहीं सकता। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के लिए प्रतिदिन समय निकालने का आह्वान किया।

समाज के सलाहकार संतोष राज ने कहा कि शिक्षा ही भविष्य की प्रगति की पहली सीढ़ी है और समाज के समग्र विकास के लिए बच्चों का शिक्षित होना आवश्यक है। कर्मचारी संघ के सदस्य पुष्कर मरावी ने कहा कि प्रत्येक सफल व्यक्ति के पीछे संघर्ष और प्रेरणा की कहानी होती है तथा बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों को “एक रोटी कम खाओ, बच्चों को जरूर पढ़ाओ” का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक एकता को समाज के उत्थान का आधार बताते हुए बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज के लोगों का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *