

कोरबा, 07 अप्रैल – जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जेंजऱा बायपास मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 22 वर्षीय कृष्णा दास और 24 वर्षीय बिहारी लाल यादव के रूप में हुई है, जो क्रमशः ग्राम घुंचापुर और साखो के निवासी थे। दोनों बचपन के गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं और किसी काम से कटघोरा गए थे। लौटते वक्त यह हादसा हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के सिर पर गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। कटघोरा थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
