
कोरबा। भाजपा महिला मोर्चा के ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ कार्यक्रम के तहत कोरबा में 30 हजार से अधिक राखियां एकत्रित कर सैनिकों के सम्मान में भेजी गईं। कार्यक्रम में देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया, लेकिन इसी दौरान निकाली गई बाइक रैली की तस्वीरों ने सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए।
रैली की सामने आई तस्वीरों में कई बाइक सवार कार्यकर्ता बिना हेलमेट नजर आए। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी जी हेलमेट पहने हुए दिखाई दिए।
30 हजार से ज्यादा राखियां सैनिकों के नाम
दशहरा मैदान, फेस–01, आर.पी. नगर में आयोजित कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी जी के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता तथा भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रीति स्वर्णकार जी के नेतृत्व में हुआ।
‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ अभियान के तहत कोरबा की बहनों ने 30 हजार से अधिक राखियां एकत्रित कीं। इन राखियों को पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा जी को सौंपा गया। इस अवसर पर उन्हें मां सर्वमंगला की पावन धरती का तिलक भी लगाया गया।
आयोजकों के मुताबिक, राखियों के माध्यम से सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक बहनों का प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता पहुंचाने का संदेश दिया गया।
देशभक्ति के बीच हेलमेट को लेकर उठे सवाल
कार्यक्रम के दौरान निकली बाइक रैली की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
तस्वीरों में कई बाइक सवार बिना हेलमेट दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब कार्यक्रम का उद्देश्य सैनिकों के त्याग, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश देना था, तो बाइक रैली में शामिल सभी कार्यकर्ताओं के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित क्यों नहीं किया गया?
खास बात यह है कि भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी जी स्वयं हेलमेट पहने नजर आए, जिससे यह सवाल और भी चर्चा में आ गया कि जब नेतृत्व स्तर पर हेलमेट का पालन किया गया, तो रैली में शामिल अन्य कार्यकर्ताओं ने इसका पालन क्यों नहीं किया।
सैनिकों के सम्मान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी जरूरी
बाइक रैली जैसे सामूहिक आयोजनों में यातायात नियमों का पालन करना प्रतिभागियों के साथ-साथ आयोजकों की भी जिम्मेदारी मानी जाती है। हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
ऐसे में एक तरफ 30 हजार से अधिक राखियों के जरिए सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी तरफ रैली में कुछ कार्यकर्ताओं के बिना हेलमेट नजर आने से सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह जी, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर जी, जिला संयोजिका सांस्कृतिक प्रकोष्ठ श्रीमती अंजना सिंह जी सहित भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब देखने वाली बात यह होगी कि बाइक रैली में बिना हेलमेट नजर आए कार्यकर्ताओं की तस्वीरों पर भाजपा संगठन की ओर से कोई स्पष्टीकरण या अपील सामने आती है या नहीं।
