इतवारी बाजार में निर्धारित स्थान के बजाय खुलेआम बिक रहा मांस-मटन, गंदगी और आवारा कुत्तों के आतंक से आमजन परेशान, कलेक्टर से शिकायत

कोरबाशहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र इतवारी बाजार में प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान के बजाय मुख्य मार्ग पर मांस, मटन, चिकन और मछली की दुकानों का संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। इससे बाजार में गंदगी, दुर्गंध और आवारा कुत्तों के आतंक की समस्या बढ़ने का आरोप लगाते हुए स्थानीय निवासी रोशन शर्मा ने कोरबा कलेक्टर से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

पुरानी बस्ती निवासी रोशन शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया है कि इतवारी बाजार कोरबा शहर का प्रमुख व्यापारिक और आवागमन वाला क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के बस्तीवासियों का आना-जाना लगा रहता है। बाजार में किराना दुकानों, सब्जी विक्रेताओं और कुम्हारों की दुकानें भी नियमित रूप से संचालित होती हैं। ऐसे व्यस्त क्षेत्र में मांस-मटन की दुकानों के संचालन से लोगों को असुविधा हो रही है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, कई वर्ष पहले आम जनता की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मछली एवं मटन की दुकानों के लिए गायत्री मंदिर स्कूल के पीछे स्थान निर्धारित किया था। इसके बावजूद कुछ व्यापारी निर्धारित व्यवस्था की अनदेखी कर मुख्य मार्ग और सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम मांसाहारी दुकानों का संचालन कर रहे हैं।

रोशन शर्मा ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि इन दुकानों में पशुओं को काटने के बाद मांस के अवशेष और अपशिष्ट पदार्थ सड़क तथा नालियों में फेंक दिए जाते हैं। इससे आसपास लगातार दुर्गंध बनी रहती है। वहीं मांस के टुकड़ों को खाने के लिए आवारा कुत्तों के झुंड जमा होते हैं और आपस में लड़ते रहते हैं। इससे राहगीरों, महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल रहता है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित क्षेत्र में स्कूल, मंदिर और गुरुद्वारा स्थित हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्वच्छता और आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन से मांग की गई है कि मुख्य मार्ग पर मांस-मटन की बिक्री पर रोक लगाई जाए तथा सभी दुकानों को उनके लिए पूर्व निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित कराया जाए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!