जयसिंह की अगुवाई में कांग्रेस का हल्लाबोल,मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, जांच और गिरफ्तारी की मांग को लेकर विशाल विरोध रैली

Oplus_131072

कोरबा: निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में सोमवार को विशाल विरोध रैली निकाली गई। इस रैली में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जनप्रतिनिधि तथा कांग्रेस के सभी मोर्चा, विभाग एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, गिरफ्तारी एवं उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर उठने वाले गंभीर सवालों का जवाब देश की जनता को मिलना चाहिए। निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के भीतर निर्णय-प्रक्रिया को लेकर सामने आई आपत्तियों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच आवश्यक है।

राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

विरोध मार्च के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान के संयुक्त तत्वावधान में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के नाम ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंपा गया। कलेक्टर की ओर से संयुक्त कलेक्टर अभिषेक राठौर ने ज्ञापन प्राप्त किया।ज्ञापन में SIR एवं मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा, निर्वाचन आयोग की IT एवं डेटा व्यवस्था की जांच, निर्वाचन आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों पर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए संबंधित निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की गई।

ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर अपना तीखा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पद किसी व्यक्ति से बड़ा नहीं और संविधान जनता के मत से बड़ा कोई अधिकार नहीं देता।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की असली शक्ति जनता के वोट में है। यदि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं तो उनका निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता के साथ जवाब देना आवश्यक है। पूर्व विधायक श्यामलाल कँवर ने कहा कि कांग्रेस संविधान, मताधिकार और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था की रक्षा के लिए अपनी लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रखेगी। रैली में प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। शहर और ग्रामीण कांग्रेस की संयुक्त लामबंदी ने कांग्रेस की संगठनात्मक एकजुटता और इस मुद्दे पर कांग्रेस के राजनीतिक तेवर को स्पष्ट रूप से सामने रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!