Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

“कोरबा एमआईसी का विस्तार: श्री अशोक चावलानी जी को मिली अहम जिम्मेदारी, सिंधी समाज में खुशी की लहर”

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) का विस्तार किया गया है। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आदेश जारी कर एमआईसी में 5 नए सदस्यों को शामिल किया है। इसके साथ ही एमआईसी में सदस्यों की संख्या 9 से बढ़कर 14 हो गई है।

जारी आदेश के अनुसार अशोक चावलानी को सामान्य प्रशासन एवं विधायी कार्य तथा नगरीय नियोजन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नरेन्द्र देवांगन को वित्त, लेखा एवं अंकेक्षण तथा राजस्व विभाग, श्रीमती चन्द्रकली जायसवाल को खाद्य विभाग, किशनलाल केंवट को शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा प्रेमकुमार साहू को यांत्रिकी एवं सामाजिक कल्याण विभाग का प्रभारी सदस्य नियुक्त किया गया है।

एमआईसी में विभागवार जिम्मेदारियों के तहत हितानंद अग्रवाल को लोक कर्म, भानुमति जायसवाल को पर्यावरण, अजय गोंड़ को संस्कृति एवं पर्यटन, फिरतराम साहू को जल कार्य, धनकुमारी गर्ग को मनोरंजन एवं विरासत संरक्षण, उर्वशी राठौर को महिला एवं बाल विकास, ममता यादव को गरीब उपशमन, अजय कुमार चन्द्रा को अग्निशमन एवं विद्युत संधारण तथा सरोज शांडिल्य को उद्यानिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

एमआईसी के विस्तार के बाद नगर निगम के विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां अब 14 सदस्यों के बीच बांटी गई हैं। माना जा रहा है कि इससे विभागीय कार्यों की निगरानी के साथ-साथ नगर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में समन्वय को मजबूती मिलेगी।

इधर, अशोक चावलानी को एमआईसी सदस्य बनाए जाने से सिंधी समाज में भी खुशी की लहर है। अशोक चावलानी पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा के अध्यक्ष भी हैं। उनकी नियुक्ति पर समाज के सदस्यों ने खुशी व्यक्त करते हुए महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत का आभार जताया है। समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि अशोक चावलानी नई जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए नगर के विकास और जनहित के कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!