Korba : जिला अस्पताल में टीकाकरण कराने आई महिला से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

 जिला अस्पताल में टीकाकरण के लिए पहुंची एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति ने महिला के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकत की। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और अस्पताल चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान महिला अपने टीकाकरण के लिए जिला अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान गोढ़ी निवासी दुर्गा शंकर ढहरिया ने कथित तौर पर भीड़ का फायदा उठाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने आरोपी की हरकत का विरोध किया और आवाज उठाई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और अस्पताल चौकी पुलिस को सौंप दिया।

सिविल लाइन थाने में दर्ज हुई FIR

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला के विरोध करने पर लोगों ने आरोपी को पकड़कर अस्पताल चौकी पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद सिविल लाइन थाना में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल

इस घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल परिसर में निजी सुरक्षा गार्ड तैनात होने के साथ CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद भीड़भाड़ वाले अस्पताल परिसर में इस तरह की घटना सामने आना सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा करता है। अस्पताल में इलाज और टीकाकरण के लिए रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!