

शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैय्यद इंसान अली शाह रहमतुल्लाहि अलैह के 68वें सालाना उर्स-ए-पाक के अवसर पर लुतरा शरीफ में धार्मिक एवं रूहानी कार्यक्रम अकीदत के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। उर्स के तहत दादी अम्मा साहिबा के संदल-चादर का कार्यक्रम दोपहर में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कोरबा से भी जायरीन और अकीदतमंद शामिल हुए। इस दौरान अमन, खुशहाली और मुल्क की तरक्की के लिए दुआ की गई।


रात में ऑल इंडिया नातिया मुशायरे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की सदारत मौलाना अल्हाज कारी सैयद शब्बीर अहमद अशरफी ने की। कुरआन पाक की तिलावत के बाद देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए शायरों और नातख्वानों ने नातिया कलाम पेश किए। देर रात तक चली महफिल में बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। दरगाह इंतजामिया कमेटी के सदर हाजी मो. इकबाल हक सहित पदाधिकारियों और सदस्यों ने जायरीन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।





