बिलासपुर: व्यापार विहार के तेल गोदाम में लगी भीषण आग; 4 घंटे बाद भी काबू नहीं

  बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित खाद्य तेल की चौधरी एजेंसी के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। ऑयल के कारण देखते ही देखते आग बढ़ती चली गई। सुबह करीब 9 बजे की घटना है, अब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।

मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। आग बुझाने जेसीबी से गोदाम की दीवार तोड़ी गई है। आगजनी में गोदाम में रखा लाखों रुपए का खाद्य तेल और अन्य सामान धू-धू कर जल गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है।

अभी तक 6 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से पानी डाला गया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।

बड़ी मात्रा में रखा था तेल का स्टॉक

जानकारी के अनुसार, व्यापार विहार बिलासपुर संभाग का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में गोदाम और एजेंसियां संचालित हैं। जहां आग लगी वह गोदाम तेल व्यापारी निमेष अग्रवाल का है, यहां तेल का भंडारण और पैकेजिंग का काम होता था। व्यापारी ने 2 करोड़ के माल जलने की बात कही।

घटना के समय बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का स्टॉक रखा हुआ था। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के व्यापारी और कर्मचारी बाहर निकल आए। कुछ ही देर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल और पुलिस की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है। आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!