
रजगामार के दशहरा मैदान में हुए विवाद और स्कूली छात्रा से अभद्रता के मामले में बालको थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक ओर जहाँ नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में बीजेपी नेता अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और एक अन्य के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है, वहीं दूसरी ओर एक महिला की शिकायत पर इस मामले के आवेदक पर भी मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार दशहरे की रात रावण मैदान में स्कूली छात्रा के साथ फब्तियां कसने और छेड़छाड़ की घटना हुई थी। विरोध करने पर छात्रा के भाई के साथ मारपीट की गई। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए जब पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक के पास पहुँचा, तब एसपी के निर्देश पर बालको पुलिस ने अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(1), 296, 115(2), 3(5) और पॉक्सो कानून के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
इस पूरे मामले में उस वक्त नया मोड़ आया जब दूसरे पक्ष की एक महिला भी सामने आई। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले के मूल आवेदक के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मुख्य घटना के बाद समझौते का दबाव बनाने के लिए सुनियोजित तरीके से यह काउंटर केस दर्ज कराया गया है। परिजनों के अनुसार जिस महिला की शिकायत पर पहले मारपीट का मामला दर्ज हुआ था, उसी से बाद में एसपी कार्यालय में छेड़छाड़ की नई शिकायत दिलवाई गई।
बालको थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग से जुड़े मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, वहीं आवेदक के खिलाफ दर्ज शिकायत के सभी पहलुओं और घटनाक्रम के साक्ष्यों की भी निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





