Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कटघोरा में मौत को दावत देता गड्ढा! शारदा सुपर बाजार के सामने सड़क बनी जानलेवा, PWD कब जागेगा?

कटघोरा। नगर के प्रमुख मार्ग पर शारदा सुपर बाजार के सामने सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

शारदा सुपर बाजार के सामने सड़क का एक बड़ा हिस्सा उखड़ चुका है। कई जगह गिट्टी बाहर निकल आई है और गड्ढों में पानी जमा है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश और रात के समय स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो जाती है। पानी से भरे गड्ढे दूर से दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालक अचानक उनमें फंस सकते हैं, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है।

लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी सुधार नहीं किया गया है। स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने और जर्जर हिस्से का स्थायी सुधार कराने की मांग की है।

नागरिकों ने कहा कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को समय रहते सड़क की समस्या दूर करनी चाहिए। बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका को देखते हुए जल्द मरम्मत की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!