Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासाः दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में हुए कटघोरा राज ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल किया था। तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे छुरीकला निवासी राजकुमार अग्रवाल अपनी राज ज्वेलर्स दुकान में अकेले मौजूद थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था।

आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर व्यापारी की छाती पर तान दिया और आंखों में मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया। इसी बीच तीसरा आरोपी बैग में आभूषण भरने लगा। हालांकि बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर तीनों आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए और देशी कट्टा तथा चोरी की मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया और साइबर तकनीक व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई इलाकों में दबिश दी गई।

पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड (38) निवासी घुचापुर और परदेशी राठिया (40) निवासी जिलगा (बरपाली) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। वहीं तीसरा आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया निवासी कोलगा अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पूर्व में हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल की सजा काट चुके हैं। जेल में ही उनकी आपस में दोस्ती हुई थी और रिहा होने के बाद उन्होंने मिलकर लूट की योजना बनाई। इसी योजना के तहत चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल कर राज ज्वेलर्स में लूट का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!