Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

भारी बारिश के बीच महापौर संजू देवी राजपूत की  जलभराव क्षेत्रों का किया  दौरा

कोरबा। शहर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच महापौर संजू देवी राजपूत ने जनसरोकार और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सोमवार को जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का मैराथन दौरा किया। सुबह से ही उन्होंने निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के विभिन्न वार्डों और बस्तियों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया तथा प्रभावित नागरिकों को त्वरित राहत दिलाने के निर्देश दिए।

महापौर ने कोरबा, टीपी नगर, कोसाबाड़ी, रविशंकर नगर, बालको एवं दर्री जोन के अनेक जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केवल स्थिति का अवलोकन ही नहीं किया, बल्कि कई स्थानों पर मौके पर ही आवश्यक संसाधन और मशीनरी बुलवाकर जल निकासी का कार्य भी शुरू कराया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों में आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में लगातार सक्रिय रहें, प्रभावित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें और जल निकासी व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखें।

महापौर ने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जहां जलभराव के कारण लोगों के घरों और दैनिक जीवन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रभावित नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके इस संवेदनशील और सक्रिय रवैये को स्थानीय नागरिकों ने भी सराहा।

महापौर संजू देवी  राजपूत  एवं आयुक्त  आशुतोष पांडेय के मार्गदर्शन में नगर निगम की जोनवार टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। सभी जोनों में अधिकारी एवं कर्मचारी जलभराव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यकता अनुसार पंपों और अन्य संसाधनों के माध्यम से पानी निकासी का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल निगम प्रशासन को दें, ताकि राहत एवं बचाव कार्य समय रहते प्रभावी ढंग से किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!